मैनपुरी। सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

थाना करहल क्षेत्र के ग्राम नगला पूठ, बमटापुर निवासी आशीष कुमार ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके भतीजे अजय कुमार की 9 मई 2026 को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 4 मई 2026 को इंडियन पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अजय कुमार की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

परिजनों के अनुसार घायल अजय को तत्काल उपचार के लिए पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 9 मई की रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई।

मामले में थाना बरनाहल पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक आरोपी चालक, ट्रैक्टर और वाहन मालिक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे पीड़ित परिवार में आक्रोश है।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर आरोपी चालक एवं वाहन मालिक की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान अशोक सम्राट सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुशवाहा ने भी एसपी से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *