
मैनपुरी। थाना किशनी क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा-भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भीटारा निवासी 45 वर्षीय सुदेश पाल, पुत्र दयाराम पाल, अपनी 16 वर्षीय भतीजी लवली पाल, पुत्री अखिलेश पाल, को बाइक पर बैठाकर कस्बा किशनी से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे जब वे ग्राम हरचंदपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार इको कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुदेश पाल और लवली पाल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के दौरान कार ने सड़क से गुजर रहे साइकिल सवार एक बुजुर्ग को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे।
