26 अक्टूबर को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम, डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
(चंद्रपाल शाक्य)

मैनपुरी कस्बा भोगांव के समीपवर्ती ग्राम जसराजपुर स्थित बीबीएस सेंटर पर शनिवार को चार दिवसीय अभिधम्म समारोह का शुभारंभ बौद्ध परंपराओं के निर्वहन के साथ हुआ। समारोह के पहले दिन सामूहिक बुद्ध वंदना, अशोक स्तंभ की पूजा-अर्चना तथा पाली भाषा में महापरिनिर्वाण पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, अहिंसा और सद्भाव के संदेशों का गुणगान किया गया। समारोह में देश-विदेश से आए बौद्ध अनुयायियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान भंते उपनन्द थेरो ने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और बौद्ध धर्म के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से शांति, करुणा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। श्रीलंका, जापान, कनाडा और तिब्बत सहित विभिन्न स्थानों से आए बौद्ध अनुयायियों ने बौद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज
समारोह में 26 अक्टूबर को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह के शामिल होने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेश बौद्ध से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बीबीएस के अध्यक्ष सुरेश बौद्ध ने बताया कि समारोह में आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। स्वयंसेवकों के संचालन की जिम्मेदारी आलोक दीप को सौंपी गई है, जबकि पंडाल और बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी अखिलेश शाक्य एवं भूरे को दी गई है।
फोटो कैप्शन: जसराजपुर स्थित बीबीएस सेंटर पर अभिधम्म समारोह की तैयारियों की जानकारी लेते जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा।

    प्रातिक्रिया दे

    आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *