मैनपुरी। औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरौआ ज्यौंती में जमीन पर नींव भरने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रेमराज पुत्र भिखारीलाल ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित प्रेमराज के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे वह अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान गांव के बलवंत सिंह, प्रतीक उर्फ विकास और प्रत्येक उर्फ कालू उनके घर के सामने स्थित जगह पर कथित रूप से जबरन नींव भरने लगे। प्रेमराज ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों और फावड़े से उन पर हमला कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उनका दायां पैर टूट गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी मंजू देवी के हाथ और दो उंगलियों में फ्रैक्चर हो गया। वहीं, उनकी नेत्रहीन वृद्ध मां रामबिटानी को भी चोटें आईं।

प्रेमराज ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 11 अक्टूबर 2026 को दर्ज मुकदमे में उनकी पत्नी और मां को आई चोटों का एफआईआर में उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उन पर और उनके परिवार पर समझौता करने का दबाव बना रहा है तथा समझौता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर में आवश्यक संशोधन कराने, सभी घायलों की चोटों को शामिल करते हुए निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन पीड़ित परिवार की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *