
मैनपुरी। तहसील क्षेत्र के मौजा जसरू निवासी आदेश कुमार ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष पैमाइश कराए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता आदेश कुमार पुत्र स्वर्गीय मोहनलाल का आरोप है कि कुछ लोगों ने क्षेत्रीय लेखपाल से मिलीभगत कर उनकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद 22 जून 2026 को भूमि की पैमाइश कराई गई।
आदेश कुमार के अनुसार पैमाइश के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया। उनका आरोप है कि माप के लिए छह फीट के फीते का प्रयोग किया गया और पैमाइश में लगभग 20 मीटर की कमी दर्शाई गई, जिससे वह संतुष्ट नहीं हैं।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व विभाग की एक स्वतंत्र टीम गठित कर पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए, ताकि भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और न्याय मिल सके।
