मैनपुरी। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को कुँवर आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज, मैनपुरी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रभा कुमारी ने किया। उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर छात्राओं एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु, फल, छाया और औषधियां प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रधानाचार्या ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी एक सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी रेनू ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी की जाए। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को पौधे लगाने, जल संरक्षण करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का दायित्व भी निर्धारित किया गया।

इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रेनू के अलावा पूनम श्रीनाथन, प्रीति जायसवाल, मंजू नागर, कुसुम राव, सुषमा रानी, एकता सिंह, सुशील वर्मा सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और समाज में हरियाली बढ़ाने का संदेश देना रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *