
मैनपुरी। जनपद की प्रतिभाशाली छात्रा रूपाली शाक्य ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित नीट (NEET) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे मैनपुरी का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में बालाजी ग्लोबल एकेडमी, अहिरवा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर सम्मानित किया।
रूपाली शाक्य, अलीपुरखेड़ा निवासी एवं डॉ. महाराज सिंह शाक्य की पुत्री हैं। उनकी सफलता पर विद्यालय के शिक्षा निदेशक श्याम बाबू मिश्रा ने माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रूपाली ने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि रूपाली की उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
विद्यालय के एमडी सुरेश चंद दुबे एवं प्रधानाचार्या कल्पना मिश्रा ने रूपाली को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बालाजी ग्लोबल एकेडमी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्टता की भावना विकसित करना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों से रूपाली शाक्य की मेहनत, लगन और समर्पण से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के लक्ष्यों को निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने रूपाली को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में नेहा अवस्थी, अमित सिंह चौहान, विजय सिंह शाक्य, सोनाली दुबे, उज्ज्वल दुबे, दीक्षा शर्मा, राहुल यादव, मनीष भदौरिया, गौरव दुबे, अंशुमन, विवेक कुमार, विश्वजीत एवं शिवम तिवारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि रूपाली शाक्य भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगी तथा उनकी सफलता आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
