
मैनपुरी। विकासखंड बेवर क्षेत्र के मेजर जुगराज सिंह इंटर कॉलेज, जासमई में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन में लंबे समय से पारदर्शिता का अभाव बना हुआ है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय प्रबंधन समिति से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा गाटा संख्या 1570 एवं 960 सहित लगभग 50 बीघा भूमि का वर्षों से उपयोग किया जा रहा है, लेकिन उससे प्राप्त आय का कोई स्पष्ट लेखा-जोखा सार्वजनिक नहीं किया गया। उनका कहना है कि विद्यालय के नाम दर्ज भूमि से होने वाली आय और उसके उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विद्यालय में विज्ञान वर्ग संचालित कराने के नाम पर ग्रामीणों से लगभग 4 से 5 लाख रुपये का चंदा एकत्र किया गया था, लेकिन उक्त धनराशि के खर्च का स्पष्ट विवरण आज तक उपलब्ध नहीं कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वित्तीय अभिलेखों की जानकारी मांगने पर केवल दो वर्षों का आंशिक विवरण ही दिया गया।
ग्रामीणों ने विद्यालय को विभिन्न मदों में प्राप्त अनुदान, अन्य आय तथा भूमि से संबंधित प्रशासनिक अनुमतियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही स्वर्गीय मन्नी सिंह के निधन के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव न होने पर समिति के गठन और चुनाव प्रक्रिया की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
ज्ञापन पर वंशबहादुर सिंह, स्वदेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, आशीष सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।
