‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’ के नारों से गूंजा स्कूल परिसर; पोस्टर प्रतियोगिता में रिया और पूर्वा रहीं संयुक्त विजेता

मैनपुरी। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को कुँवर आर. सी. कन्या इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की स्वयंसेविकाओं ने ‘नशा मुक्ति विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से छात्राओं ने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रभा कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में स्वयंसेविकाएं हाथों में नशा मुक्ति से संबंधित पोस्टर लेकर चल रही थीं। इस दौरान छात्राओं ने ‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’, ‘नशा नाश है’ और ‘नशा नहीं, जिंदगी चुनो’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस स्कूल परिसर में आकर समाप्त हुई।
रैली के बाद विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों और नशा मुक्ति का संदेश देते हुए आकर्षक पोस्टर तैयार किए। प्रतियोगिता में रिया और पूर्वा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैष्णवी चौहान दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान प्रियंका मैम, दीपिका, कुसुम राव, पूनम श्रीनाथन आदि शिक्षिकाओं ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने समाज को नशामुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया।

