
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग कर 7 लाख 55 हजार रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने स्कूटी सवार बैटरी व्यापारी पर हमला कर गोली चलाई और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिडोली निवासी प्रदीप कुमार खटीक, जो बाबूलाल बैटरी के नाम से बैटरी का व्यापार करते हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 21 जुलाई 2026 को शीतला देवी मंदिर के पास स्थित 635.5 वर्गफुट का प्लॉट बेचा था। बैनामे से पहले उन्हें 7 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। इसके अलावा उनकी पत्नी के बैंक खाते से 55 हजार रुपये निकाले गए थे। इस तरह उनके पास कुल 7 लाख 55 हजार रुपये मौजूद थे।
पीड़ित के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे वह अपनी एक्टिवा स्कूटी से डीएम आवास वाली सड़क पर पेट्रोल पंप से लगभग 50 मीटर आगे पहुंचे ही थे कि बाइक सवार पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी स्कूटी में लगी, जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके हाथ-पैर में चोटें भी आईं।
इसके बाद बदमाश स्कूटी में रखा 7.55 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों में उसने अपने ही गांव के उमेशचंद्र उर्फ कजरिया पुत्र मान सिंह को पहचान लिया, जबकि अन्य चार बदमाश अज्ञात थे।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने अपने परिजनों और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद एवं चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
