काल्पनिक फोटो

मैनपुरी। करहल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला अनिया निवासी नर्मदा देवी पत्नी विवेक कुमार ने भूमि विवाद को लेकर दबंगों पर जानलेवा हमला, मारपीट, फायरिंग, महिला से अभद्रता और लूटपाट का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़िता ने आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, 30 जुलाई को जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम द्वारा भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई की जानी थी। इसी दौरान नर्मदा देवी अपने पति विवेक कुमार और अन्य परिजनों के साथ खेत पर पहुंची थीं। आरोप है कि तभी पूर्व चेयरमैन संजीव यादव, प्रशांत उर्फ टीटू यादव, रिंकू, मनोज, सत्यम सहित कई लोग असलहों और लाठियों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और दंपति पर हमला कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति विवेक कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनका हाथ टूट गया। वहीं महिला को जमीन पर गिराकर उसके साथ अभद्रता की गई, कपड़े फाड़ दिए गए तथा गले की चेन, मोबाइल फोन और आवश्यक दस्तावेज भी छीन लिए गए। आरोप है कि हमलावरों ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करने के साथ कई राउंड फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

नर्मदा देवी का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल करहल पुलिस को दी गई, लेकिन न तो उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के साथ अधिवक्ता आर.पी. मौर्य, साधना चौहान, नीटू चौहान, सोनू कठेरिया तथा मनोज कुमार भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *