मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम नगला अनी निवासी हत्या के एक मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मुख्यमंत्री सहित उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

समाजसेवी नेता डॉ. विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंचे परिजनों में विनोद कुमार, अरविंद कुमार, छोटेलाल, अमित कुमार, सुमित कुमार और मोनू शामिल रहे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद पुलिस ने समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की और अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाव बनाया।

परिजनों का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों पर गंभीर धाराओं के बजाय अधिकांश जमानती धाराएं लगाई गईं, जबकि मामले की प्रकृति को देखते हुए कठोर धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए थी। उनका आरोप है कि अब तक केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

ज्ञापन में सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की गई है।

इसके अलावा पीड़ित परिवार ने मृतक के आश्रितों को 25 बीघा कृषि भूमि का पट्टा, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। साथ ही विवादित भूमि की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने की भी मांग उठाई गई है।

परिजनों ने मुख्यमंत्री से मामले में उच्चस्तरीय हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *