बेवर। कस्बे के फर्रुखाबाद रोड स्थित एक कथित नर्सिंग होम में झोलाछाप चिकित्सक के इलाज के दौरान नवविवाहिता की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की शादी महज दो माह पहले ही हुई थी।

मद्दापुर खास निवासी सुमित शाक्य ने बताया कि रविवार रात उनकी पत्नी शिल्पी शाक्य (23) ने अचानक पेट दर्द की शिकायत की। इसके बाद वह पत्नी को इलाज के लिए बेवर के फर्रुखाबाद रोड स्थित ब्रह्मदेव आश्रम के पास एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक ने शिल्पी को इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।

परिजनों के अनुसार इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनटों में शिल्पी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद नर्सिंग होम संचालक ने परिजनों को अन्यत्र ले जाने की सलाह दी। परिजन तत्काल शिल्पी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पति के अनुसार शिल्पी करीब डेढ़ माह की गर्भवती थी। शिल्पी की 27 अप्रैल 2026 को ही शादी हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को मामले की सूचना नहीं दी गई थी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *