
कुरावली (मैनपुरी)। एटा मंडी से मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक की मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से बाइक सवार मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर निवासी 32 वर्षीय देवेंद्र कुमार कश्यप पुत्र रामनिवास सोमवार को एटा मंडी में मजदूरी करने गए थे। देर रात करीब 10 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुरावली-जैथरा-लालपुर जाहगीराबाद मार्ग पर तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक देवेंद्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुरावली थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
