मैनपुरी: थाना क्षेत्र बिछवा के कस्बा बिछवा स्थित मजरा वनखड़िया में पत्नी से मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, वनखड़िया निवासी गोविंद उर्फ भूरे (33 वर्ष), पुत्र राम सिंह राजपूत, का गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपनी पत्नी मुन्नी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद गोविंद घर से बाहर निकल गया।
देर रात तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर शहतूत के पेड़ पर गोविंद का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
आनन-फानन में परिजन उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना बिछवा पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
