मैनपुरी: जनपद के थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम रेपुरा जोराई में जमीन विवाद और कथित हवाई फायरिंग के चर्चित मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। न्यायालय ने मामले को गंभीर मानते हुए पांच नामजद आरोपियों सहित करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के बाद पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, दलित किसान रामप्रकाश अपनी विवादित भूमि पहले ही रणवीर के नाम बेच चुके थे। आरोप है कि पीड़ित पक्ष जब खेत पर कृषि कार्य कराने के लिए पहुंचा, तभी दूसरे जिले से आए सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। आरोपियों द्वारा दबंगई दिखाते हुए खेत पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर हवाई फायरिंग की गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का वातावरण बना रहा।

मामले में पीड़ित की पत्नी शीला देवी ने न्यायालय की शरण लेकर न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय में प्रस्तुत तथ्यों और साक्ष्यों पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस को पांच नामजद तथा लगभग 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। यह पूरा मामला थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम रेपुरा जोराई, जनपद मैनपुरी का है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *