मैनपुरी। समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक की घटनाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में युवाओं के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ती महंगाई, रोजगार के अवसरों की कमी और विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं में निराशा का माहौल है। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों छात्र प्रभावित हो रहे हैं तथा उनका भविष्य संकट में पड़ रहा है।
छात्रसभा ने मांग की कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) सहित परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्थाओं की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पेपर लीक और परीक्षा घोटालों में शामिल आरोपियों, शिक्षा माफियाओं तथा भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सख्त सजा दिलाई जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि परीक्षा प्रणाली की खामियों और तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। छात्र नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र और युवा वर्ग व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान डीपी यादवअंकुश यादव अवनीश कठेरिया अंशुल यादव राहुल यादव लवी अर्पित इलू गुलशन कुमार दीपू अंकुश यादव मोनू यादव शिवम यादवछात्रसभा के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *