
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के नगला भन्त निवासी विनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर अपने लापता पति शिवम पुत्र दिलीप सिंह की शीघ्र बरामदगी की मांग की है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, शिवम 23 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे सिचैया तिराहा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद 27 जुलाई को कोतवाली मैनपुरी में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पीड़िता का आरोप है कि 26 जुलाई को शिवम के मोबाइल फोन से उनके तथा उनके बहनोई के मोबाइल नंबर पर एक क्यूआर कोड भेजा गया। इसके साथ संदेश में शिवम को जीवित देखने के बदले ₹5,000 भेजने की बात लिखी गई थी। इसके अलावा शिवम के बैंक खाते से भी अलग-अलग समय पर करीब ₹23,322 निकाले जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों का कहना है कि शिवम का मोबाइल प्रतिदिन कुछ समय के लिए चालू हो रहा है, जिससे उन्हें किसी सुनियोजित साजिश की आशंका है। विनीता देवी ने आशंका जताई है कि उनके पति का अपहरण कर उन्हें कहीं बंधक बनाकर रखा गया है और उनके साथ किसी अनहोनी से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच कराते हुए अपने पति की जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने तथा मामले में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
