उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी, 10 बीघा जमीन और आर्थिक सहायता की मांग


मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला अनी निवासी दलित युवक विकास कुमार की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी मैनपुरी ने जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि बिजली की केबल डालने को लेकर हुए विवाद में विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पार्टी का आरोप है कि पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 10 बीघा कृषि भूमि तथा पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि परिवार को न्याय के साथ आर्थिक सुरक्षा भी मिल सके।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने के समय पूर्व विधायक रेखा शाक्य सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *