भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जन शक्ति) के बैनर तले बुधवार को मैनपुरी सदर तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अतुल यादव और महिला सभा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

धरने में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सचिन महाराज सिंह शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश क्रांतिकारी ने मुख्य वक्ता के रूप में किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और गरीबों से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने नायब तहसीलदार को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में ग्राम प्रधान से लेकर सांसद एवं विधायकों के कार्यों की जांच कराने, किसानों का कर्ज माफ करने, किसानों और गरीब परिवारों के बिजली बिल माफ करने, स्मार्ट एवं प्रीपेड मीटर हटाने, किसानों को मुफ्त बीज, खाद और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने तथा आशा, आंगनबाड़ी और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने सहित कई प्रमुख मांगें शामिल थीं।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।

धरना-प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, प्रवक्ता रामाधार शर्मा, नवीन यादव, विमला देवी, शीतला देवी, राधाकृष्ण, अशोक कुमार, बलराम सिंह, संदीप यादव, हरिशंकर, प्रिंस, सरोज, मुन्नी देवी, रेखा देवी, सुखदेवी, राजन, श्री, सुमन लता, राजकुमारी, जूली सहित बड़ी संख्या में किसान एवं महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *