
मैनपुरी। थाना किशनी क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग, मारपीट, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम कततरा निवासी उपासना पत्नी सुरजीत ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह 28 मई 2025 को जिला इटावा के थाना ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम नगला भगे निवासी सुरजीत पुत्र मलिखान सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ था। विवाह में उसके पिता दिनेश ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार लगभग 10 लाख रुपये नकद, करीब 5 लाख रुपये का घरेलू सामान तथा सोने-चांदी के आभूषण दिए थे।
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और कई बार उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि उसके पति ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, दो लाख रुपये न लाने पर पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी गई।
विवाहिता का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। इसके बाद उसे पुनः मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने बताया कि उसने थाना किशनी में भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं, संवेदना फाउंडेशन के संयोजक इंजीनियर धर्मवीर राही ने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
