
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिडोली ललूपुर निवासी 60 वर्षीय वीरेंद्र मिश्रा पुत्र बंसलाल मिश्रा की उपचार के दौरान नोएडा के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार वीरेंद्र मिश्रा 28 जून को बाइक से किशनी जा रहे थे। इसी दौरान थाना एलाऊ क्षेत्र में ग्राम नगला सड़क के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए नोएडा स्थित महानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई।
बताया गया है कि मृतक अपने पीछे चार बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
