
मैनपुरी। फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट से 1 लाख 29 हजार 750 रुपये की लूट करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 1.34 लाख रुपये की नकदी, तीन मोबाइल, तमंचे, बाइक और कारतूस भी बरामद किए गए।योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया गया था। मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को जेल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन के सभागार में इस सफलता की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 1 जुलाई की शाम रिकवरी एजेंट से औंछा के ग्राम नगला सावज मोड़ के निकट बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 129750 रुपये की नकदी, दो मोबाइल लूट लिए थे। बदमाश बाइक की चाबी भी छीन कर ले गए। इस घटना का मुकदमा दर्ज किया गया और एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और औंछा पुलिस की तीन टीमों को खुलासा करने के लिए लगाया गया। 24 घंटे में ही पुलिस में घटना का खुलासा कर दिया और लूट गए 1.34 लाख रुपये, तीन मोबाइल एक बाइक तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम शिवम यादव पुत्र अजब सिंह यादव निवासी नगला सावज, पवन यादव पुत्र कायम सिंह, रामू पुत्र अमर सिंह, अवि यादव पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासीगण पड़रिया थाना औंछा बताएं।
पकड़े गए आरोपी शिवम ने पूछताछ में जानकारी दी कि उसने ट्रैक्टर फाइनेंस पर लिया था। जिसके किस्त के रुपये रिकवरी एजेंट लेने आता था। उसने एक दिन पहले रिकवरी एजेंट को बातों में फंसाकर अपने घर बुलाया और 1 घंटे अपने घर पर रोक रखा। इस दौरान उसने अपने अन्य साथियों से बात की और उसकी लोकेशन उन्हें बता दी। जैसे ही रिकवरी एजेंट रुपये लेकर नगला शाहबाद के निकट पहुंचा तभी तमंचा लगाकर उससे नकदी लूट ली गई। खुलासे के दौरान एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, सीओ सच्चिदानंद, स्वाट टीम प्रभारी गगन गोड़,, भी मौजूद रहे।
