
मैनपुरी। तहसील करहल क्षेत्र के ग्राम नगला पूठ, मौजा बमटापुर निवासी एक गरीब महिला ने अपने पुश्तैनी मकान की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय दिलाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, मुन्नी देवी पत्नी चन्द्रपाल सिंह, जो दिव्यांग हैं, ने बताया कि वह अपने पति और तीन छोटे बच्चों के साथ करीब दो वर्ष पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में मजदूरी करने दिल्ली चली गई थीं। इस दौरान गांव में लगातार हुई भारी बारिश के कारण उनका पुश्तैनी कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने परिवार के साथ वापस गांव लौटीं तो देखा कि उनके मकान की जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा वहां शौचालय का निर्माण भी करा लिया गया है।
मुन्नी देवी का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी जिलाधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है, जिसके बाद राजस्व विभाग और पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया था।
इसके बावजूद अब तक अवैध कब्जा नहीं हटाया गया है। पीड़िता ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर कब्जा हटवाने और न्याय दिलाने की मांग की है।
