
काल्पनिक छायाचित्र
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला कैथ निवासी धीरज सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कटघर चौकी पर तैनात एक सिपाही पर रिपोर्ट दर्ज करने के नाम पर रिश्वत मांगने तथा विपक्षी पक्ष से मिलकर समझौते का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 11 बजे धीरज सिंह के बड़े भाई हरिसिंह, सूरज तथा अन्य लोगों ने कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के दौरान पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देकर अपनी और अपने परिवार की जान बचाई।
धीरज सिंह का आरोप है कि घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्होंने कटघर चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चौकी पर तैनात सिपाही विश्वेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करने के नाम पर उनकी पत्नी सोनम से ₹5,000 ले लिए। इसके बाद सही रिपोर्ट दर्ज करने के लिए ₹10,000 और देने की मांग की गई।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि सिपाही ने रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी और विपक्षी पक्ष से समझौता करने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, सिपाही ने कहा कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो ऐसा मुकदमा दर्ज कराया जाएगा कि जीवनभर जेल से बाहर नहीं निकल पाओगे।
धीरज सिंह ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि विपक्षी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज कराने, संबंधित सिपाही एवं अन्य दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
