काल्पनिक छाया चित्र


मैनपुरी। थाना कुर्रा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे वांछित ग्राम प्रधान राहुल प्रधान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार मैनपुरी भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को वादी रवि कुमार पुत्र कन्हैयालाल, निवासी भोजपुर, थाना कुर्रा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 20 मई 2026 को राहुल प्रधान और उसके तीन अज्ञात साथियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग की थी। इस संबंध में थाना कुर्रा में मुकदमा अपराध संख्या 144/2026 धारा 109(1), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थाना कुर्रा पुलिस ने रविवार सुबह करीब 6:25 बजे भोजपुर तिराहे से राहुल प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद होने पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गईं।

आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार मैनपुरी भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक डी.पी. विजयान कुमार, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह, मुख्य आरक्षी विक्रम सिंह, आरक्षी प्रभात सिंह तथा आरक्षी अरुण शामिल रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *