
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को एक ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया। अलीगढ़ से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला छोटा विमान कासगंज में सिक्स लेन हाईवे के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, चेतक एविएशन अकादमी का सेसना-152 प्रशिक्षण विमान नियमित उड़ान पर था। उड़ान के दौरान अचानक विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जमीन पर गिरने से पहले विमान हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे तार टूट गए और विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में विमान उड़ा रही महिला ट्रेनी पायलट घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पायलट को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीजीसीए ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
