सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं; महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर
मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव शनिवार को मैनपुरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कांड में भाजपा से जुड़े लोग भी शामिल हैं। सरकार को ऐसे दोषियों को बचाने के बजाय उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकारों में छात्र-छात्राओं के सपनों को तोड़ा जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने वाले युवाओं की आवाज भी सरकार सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को युवाओं की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना चाहिए, वही प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं से मुंह चुरा रही है।

नौ दिन में विधानसभा सत्र खत्म करने पर उठाए सवाल
सपा महासचिव ने विधानसभा सत्र को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विधानसभा का सत्र कम से कम 40 दिन चलना चाहिए, ताकि जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके और सरकार जवाबदेह बने। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सवालों का सामना नहीं करना चाहती, इसलिए विधानसभा का सत्र महज नौ दिन में समाप्त कर दिया गया।
शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। किसानों और युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उन्हें नजरअंदाज कर रही है।

एक्सप्रेसवे को लेकर सरकार पर साधा निशाना
शिवपाल यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में बने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे को बने करीब दस वर्ष हो चुके हैं, लेकिन इसकी गुणवत्ता आज भी बेहतर है। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि महंगे एक्सप्रेसवे की स्थिति निर्माण के कुछ ही समय बाद खराब होने लगी।
2027 में सपा सरकार बनने पर समस्याएं दूर करने का दावा
शिवपाल यादव ने कहा कि दिल्ली में युवाओं ने सरकार के अहंकार को जवाब दिया है। उत्तर प्रदेश में भी युवा बेरोजगारी, शिक्षा समेत तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों के साथ भी अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं और किसानों के साथ खड़ी रही है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। सरकार बनने पर युवाओं, किसानों और समाज के अन्य वर्गों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
सपा नेताओं के परिजनों के निधन पर जताया शोक
मैनपुरी दौरे के दौरान शिवपाल सिंह यादव पार्टी नेता वोट सिंह यादव के आवास पर पहुंचे और उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद वह अधिवक्ता ए.एच. हाशमी के आवास पर पहुंचे और उनकी मां के निधन पर भी शोक व्यक्त किया।
इस दौरान सपा के पदाधिकारी, नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
