
मैनपुरी। बिछवां थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुत्री के लिए वर देखने जा रहे किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना बिछवां क्षेत्र के ग्राम धौकलपुर तिसौली निवासी ध्रुव सिंह यादव (59) मंगलवार सुबह घर से पुत्री के लिए वर देखने जाने के उद्देश्य से निकले थे। वह हाईवे स्थित शंकर ढाबा के पास सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुरावली की ओर से तेज गति से आ रही एक क्रेटा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल ध्रुव सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
परिजनों ने बताया कि घर के लोग उन्हें उस दिन यात्रा पर जाने से मना कर रहे थे, लेकिन वह जरूरी काम होने के कारण निकल पड़े। किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी अंतिम यात्रा साबित होगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। किसान की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
