मैनपुरी। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर पर खाना बना रही महिला और उसके बेटे के साथ कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव कुंजलपुर निवासी ममता पत्नी रविन्द्र ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी गांव सहारा निवासी वीरपाल, लालाराम (दोनों पुत्र दिवारीलाल), रामपाल पुत्र वीरपाल तथा दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके छोटे बेटे मंजेश के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे घर के बाहर खींच ले गए। बेटे को बचाने पहुंची ममता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
