मैनपुरी। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव के बीच ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से बोधिवृक्ष फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को अमरदयाल क्लिनिक, नगला पजाबा, कुरावली रोड, मैनपुरी में ‘मेडिटेशन एंड माइंडफुल लिविंग’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों को ध्यान और सजगता के माध्यम से मन को शांत एवं एकाग्र रखने के तरीके बताए गए।

कार्यशाला में भंते ग्यात्सो नेगी ने ध्यान के विभिन्न अभ्यास कराए। उन्होंने कहा कि ध्यान करने के लिए किसी निश्चित समय या स्थान का होना जरूरी नहीं है। व्यक्ति अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी और किसी भी समय इसका अभ्यास कर सकता है। नियमित रूप से ध्यान करने से मन को शांत और संतुलित रखने में सहायता मिलती है।

बोधिवृक्ष फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. राकेश बौद्ध ने कहा कि किसी भी कार्य को लगातार करने से उसमें नियमितता विकसित होती है। उन्होंने बताया कि किसी काम को कम से कम 21 दिनों तक निरंतर करने से उसकी आदत बनने की प्रक्रिया शुरू होती है और करीब 66 दिनों तक लगातार अभ्यास करने पर वह व्यवहार का हिस्सा बन सकता है। ऐसे में ध्यान को सिर्फ किसी आयोजन तक सीमित न रखकर रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

अमरदयाल क्लिनिक की निदेशक डॉ. पूजा शाक्य की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ध्यान और सजगता पर आधारित ऐसी कार्यशालाएं मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक हो सकती हैं। उन्होंने वर्तमान जीवनशैली में बढ़ते तनाव के बीच नियमित ध्यान के अभ्यास को उपयोगी बताया।

इस अवसर पर ग्रीन नेस्ट किड्स हॉस्टल के निदेशक श्री रमेश बौद्ध, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री एस.पी. सिंह, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता श्री योगेंद्र पाल सिंह, अवर अभियंता श्री ओमकार बौद्ध एवं श्रीमती विनिता बौद्ध सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में बोधिवृक्ष फाउंडेशन की ओर से बच्चों को टूथब्रश, नोटबुक, पेन, पेंसिल सहित अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता और शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यशाला के आयोजन में मिलिंद बौद्ध, गौरव बौद्ध, हर्षवर्धन, अशेंद्र शाक्य, अमन शाक्य, नितिन कुमार सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *