
मैनपुरी। जनपद की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर लगभग 542 वर्ष प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर के संरक्षण, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा और समग्र विकास की मांग को लेकर देवी श्री शीतला माता संगठन के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष डॉ. नूपुर सिंह के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी श्यामलता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एडीएम ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि श्री शीतला माता मंदिर जनपद के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मंदिर परिसर में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और पूर्व में की गई शिकायतों के बाद भी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मंदिर के मुख्य शिखर का अब तक समुचित जीर्णोद्धार नहीं कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। वहीं मंदिर परिसर और तालाब की नियमित सफाई न होने से गंदगी की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा प्राचीन शिव मंदिर, माता रानी के भवन तथा अन्य ऐतिहासिक संरचनाओं के संरक्षण और जीर्णोद्धार की भी मांग की गई।
संगठन ने मंदिर परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, संकेतक बोर्ड और पार्किंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही नवरात्र जैसे प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।

ज्ञापन के माध्यम से संबंधित विभागों के समन्वय से मंदिर के समग्र विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया। इस पर अपर जिलाधिकारी श्यामलता ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
