
मैनपुरी। भोगांव-मैनपुरी मार्ग पर मंडी के निकट से नगला शीश जाने वाले संपर्क मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य लगभग पांच माह पहले पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक सड़क की दोनों ओर पटरी का निर्माण नहीं कराया गया है। वहीं सड़क किनारे उगी बबूल की घनी झाड़ियों की भी सफाई नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क अपेक्षाकृत संकरी है। ऐसे में जब आमने-सामने से दो वाहन गुजरते हैं तो एक-दूसरे को साइड देने में परेशानी होती है। सड़क किनारे कच्ची और असमतल पटरी होने के कारण कोई भी चालक वाहन नीचे उतारने का जोखिम नहीं उठाना चाहता। इससे आए दिन वाहन चालकों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इसी मार्ग पर एक शराब का ठेका भी स्थित है, जिससे पूरे दिन लोगों और वाहनों का आवागमन बना रहता है। बरसात के मौसम में सड़क किनारे कीचड़ और नरम मिट्टी होने से वाहन फंसने का खतरा बढ़ जाता है। इसी वजह से चालक सड़क से नीचे उतरने से बचते हैं, जिसके कारण जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि सड़क की दोनों ओर जल्द से जल्द पटरी का निर्माण कराया जाए और सड़क किनारे उगी बबूल की झाड़ियों को हटाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए।
इस संबंध में रामसेवक राजपूत, एडवोकेट दिनेश चंद्र, बीके शाक्य, प्रीतम सिंह राजपूत, रोहन लाल श्रीवास्तव, श्याम बिहारी, झाऊलाल, सुमित कुमार, राजू, सुमेर सिंह, विकास, साधूलाल, सर्वेश कुमार, अहिवरन सिंह, भोला राजपूत सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मामले को उच्च स्तर तक उठाएंगे।
