पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी से की मुलाकात

मैनपुरी। ग्राम चडोसा निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि महिला का विवाह बेवर क्षेत्र के धनकारी गांव में हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद उसका पति नौकरी के सिलसिले में बाहर चला गया, जहां उसका किसी अन्य महिला से प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद पति द्वारा कथित रूप से अपनी पत्नी को प्रताड़ित किया जाने लगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने न्यायालय की शरण ली। लगभग तीन वर्ष तक मामला न्यायालय में चलने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और महिला को पुनः उसकी ससुराल धनकारी भेज दिया गया। आरोप है कि ससुराल लौटने के कुछ समय बाद ही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, जिसे आत्महत्या बताया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने मामले में कई सवाल उठाते हुए इसकी गहन एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष ढंग से की जाए तो घटना की वास्तविकता सामने आ सकती है और पीड़िता को न्याय मिल सकेगा।

इस संबंध में कांग्रेस नेता प्रकाश प्रधान, डॉ. नागेंद्र यादव, अजय दुबे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *