मैनपुरी। औंछा थाना क्षेत्र के गांव नगला हार में एक 36 वर्षीय विधवा महिला ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव नगला हार निवासी प्रिया (36), पत्नी स्वर्गीय संदीप कुमार, ने अपने घर के कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब परिजनों ने महिला को कमरे में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया गया कि प्रिया की शादी वर्ष 2008 में हुई थी। करीब चार वर्ष पहले उनके पति संदीप कुमार ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पति की मृत्यु के बाद से प्रिया मानसिक तनाव में रहती थीं। हालांकि आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सूचना मिलने पर औंछा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
