
मैनपुरी। कानून से बचने की कोशिश कितनी भी लंबी क्यों न हो, आखिरकार कानून के हाथ अपराधी तक पहुंच ही जाते हैं। इसका ताजा उदाहरण मैनपुरी में देखने को मिला, जहां थाना एलाऊ पुलिस ने करीब 31 वर्ष पुराने न्यायालयी वारंट में फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एलाऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 58 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र सोहनलाल, निवासी ग्राम सुगांव, थाना एलाऊ को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से वर्ष 1995 में वारंट संख्या 1030/1995 जारी किया गया था, लेकिन वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
लगातार तलाश और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 273/26 के तहत धारा 105 बीएनएसएस में कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना एलाऊ पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को न्याय के दायरे में लाया जा सके।
