मैनपुरी। जनपद के थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम सुगांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में खेत की तारबंदी में कथित रूप से प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सुगांव निवासी रामचंद्र की 8 वर्षीय पुत्री सोनाली मंगलवार करीब तीन बजे गांव के बाहर खेतों के पास बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान वह एक खेत की घेराबंदी में लगे लोहे के तार के संपर्क में आ गई। परिजनों का आरोप है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तारों में अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित किया गया था। तार छूते ही सोनाली को तेज करंट लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके हाथ पर गंभीर जलने का घाव भी हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बालिका की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता रामचंद्र ने थाना एलाऊ में तहरीर देकर गांव निवासी सुशील पुत्र सोहन लाल अग्निहोत्री पर खेत की तारबंदी में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान विद्युत करंट प्रवाहित किए जाने के आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि खेतों की तारबंदी में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानव जीवन और पशुओं के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। यह घटना ऐसी लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *