मैनपुरी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने यूरिया-डीएपी खाद की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, पेपर लीक की घटनाओं समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने आरोप लगाया कि एक दिन पूर्व उन्हें और पार्टी के कई पदाधिकारियों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को सबसे अधिक यूरिया और डीएपी खाद की आवश्यकता होती है, लेकिन पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण किसान घंटों कतारों में लगने के बावजूद खाद नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं।
उन्होंने स्मार्ट मीटरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से स्मार्ट मीटर तेज चलने और बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले से महंगाई की मार झेल रही आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
गोपाल कुलश्रेष्ठ ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की भी निंदा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई संविधान के दायरे में रहकर मजबूती से लड़ती रहेगी।

राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने, स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिलों पर रोक लगाने तथा पेपर लीक मामलों में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी कैलाश उपाध्याय, शरद पचौरी, विनिता शाक्य, मनोज चतुर्वेदी, चंद्र प्रकाश दुबे, अरविंद यादव, वीरराज कश्यप, सचिन तोमर, अनुपम शाक्य, डॉ. नवीन शर्मा, भीमसेन कठेरिया, हरेंद्र रावत, सुखवीर यादव, हिमांशु सेन, नकुल शाक्य, दीपचंद्र भारतीय, सरफराज अहमद सिद्दीकी, अमित वर्मा, सुधीर यादव, मनोज शाक्य, अतुल दुबे, चंद्रशेखर यादव, वाजिफ अली, शेखर पाल, आर्थिक यादव, अंकित शर्मा, संध्या यादव, ईसुक देव पाल, शीलू सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
