
मैनपुरी। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला अग्रवाल नई बस्ती में स्टेशन रोड बाईपास से होकर गुजरने वाला मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब दस वर्ष पूर्व यहां सीवर लाइन बिछाने का कार्य कराया गया था, लेकिन इसके बाद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन का आवागमन मुश्किल हो गया है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए नगर पालिका परिषद को कई बार शिकायतें और प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समस्या के समाधान की उम्मीद में जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया, फिर भी सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विशेष रूप से स्कूली बच्चों को लेकर जाने वाले ई-रिक्शा गड्ढों में फंसकर असंतुलित हो जाते हैं, जिससे कई बार बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है तथा आवागमन लगभग बाधित हो जाता है।
मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित इस मार्ग की मरम्मत न होने से स्थानीय नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में एडवोकेट अशोक कुमार, रिंकू चौहान एडवोकेट, मोनिका एडवोकेट, सुभाष, छोटे मिस्त्री, राजीव भदौरिया, अशोक कुमार (मास्टर), श्याम विलास, पिंटू, लालाराम, प्रदीप कुमार, शुभ, शिवकुमार, सुमित कुमार सहित अन्य मोहल्लावासियों ने जिलाधिकारी से तत्काल सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मोहल्लेवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
