करहल (मैनपुरी)। करहल–सिरसागंज मार्ग पर सड़क की जर्जर स्थिति एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। ग्राम असरोई के निकट सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया धंस जाने से बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ सड़क की खराब स्थिति को लेकर लोगों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार करहल निवासी कुसुमा देवी अपने पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। जब वे करहल–सिरसागंज मार्ग पर ग्राम असरोई के पास पहुंचे, तभी सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का अगला पहिया धंस गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से कुसुमा देवी बाइक से सिर के बल सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतका करहल के बिजली मिस्त्री नीलू की माता थीं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका अंतिम संस्कार करहल में किया गया, जहां परिजनों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों ने करहल–सिरसागंज मार्ग की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी शिकायत संबंधित विभाग से कई बार की जा चुकी है। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को भर दिया जाता, तो संभवतः यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से लापरवाही की जांच कराने तथा भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *