
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र की ग्रामसभा नौनेर के गांव गड़िया की एक सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शराब के ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए गांव के मुख्य मार्ग पर संचालित शराब के ठेके को तत्काल हटाने की मांग की। उनका कहना है कि ठेका खुलने से गांव का सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है और महिलाओं, छात्राओं तथा बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि गांव में पहले से ही शराब के सेवन की समस्या बनी हुई है, जिसके चलते आए दिन घरेलू विवाद, मारपीट, गाली-गलौज और अन्य सामाजिक समस्याएं सामने आती रहती हैं। अब मुख्य मार्ग पर शराब का ठेका संचालित होने से स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है।
महिलाओं का कहना है कि जिस स्थान पर शराब का ठेका खोला गया है, उसी रास्ते से प्रतिदिन छात्राएं, महिलाएं, स्कूली बच्चे और ग्रामीणों का आवागमन होता है। ठेके पर शराब पीने और खरीदने के लिए जुटने वाले लोगों के कारण महिलाओं और छात्राओं को असुरक्षा का एहसास होता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते ठेका नहीं हटाया गया तो भविष्य में अभद्रता, छेड़छाड़ और अन्य अप्रिय घटनाएं होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने यह भी कहा कि शराब की आसान उपलब्धता का सबसे अधिक दुष्प्रभाव गांव के युवाओं और किशोरों पर पड़ रहा है। कम उम्र के युवक भी नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में पड़ सकता है। इसके अलावा कई मजदूर परिवारों की मेहनत की कमाई शराब में खर्च हो जाती है, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, भोजन और परिवार की अन्य आवश्यक जरूरतें प्रभावित होती हैं।
महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनहित, महिला सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए ग्रामसभा नौनेर के गांव गड़िया में संचालित शराब के ठेके को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए अथवा बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे गांव का वातावरण बेहतर होगा और महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।
इस दौरान प्रीति, कविता, पूजा, बबली, सुंदर देवी, नन्ही देवी, हंसना देवी, कलावती, रिंकी, महारानी, कमला देवी, अनीता, रश्मि, गीत, मीरा, नीरज, अनारकली, राजबेटी, सरिता, शशि, खुशबू, किरण, राजकुमारी, विनीता, रीना, गीता देवी, आशा देवी, गुड्डी देवी, पिंकी, शांति देवी, सोनमती सहित एक सैकड़ा से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
