24 से 27 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, देश-विदेश के विद्वानों और धर्मगुरुओं के शामिल होने की संभावना

भोगांव। आगामी 24 अक्टूबर से शुरू होने वाले चार दिवसीय अभिधम्म समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजकों के साथ ही विभिन्न स्थानों से पहुंचे स्वयंसेवक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे हैं।

बाईबीएस के अध्यक्ष सुरेश बौद्ध ने बताया कि इंटरनेशनल बुद्धिस्ट फोरम, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संस्थान लखनऊ और यूथ बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें कई देशों के बौद्ध उपासकों और धर्मगुरुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान तिब्बत के प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

उन्होंने बताया कि 24 और 25 अक्टूबर को विभिन्न विषयों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। 26 अक्टूबर को धम्म प्रवचन होगा, जबकि 27 अक्टूबर को संघदान के साथ समारोह का समापन किया जाएगा। इस मौके पर आलोक रतन, सुनील बौद्ध सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एमएलसी चुनाव में जीत के लिए सपा ने बांटी जिम्मेदारियां

शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशियों को जिताने के लिए विधानसभा क्षेत्र की बैठक में बनी रणनीति

भोगांव। शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को भोगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक आयोजित कर चुनावी रणनीति बनाई गई। इस दौरान पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क तेज करने पर जोर दिया गया।

बैठक में शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल और स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशी शशांक यादव उर्फ सीटू को विजयी बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने कहा कि चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता क्षेत्रवार सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें और प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क अभियान तेज करें।

वरिष्ठ सपा नेता गोपाल दास लोधी ने कहा कि चुनाव में पार्टी की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।

बैठक में जिला महामंत्री रामनारायण बाथम, प्रो. केसी यादव, सुखवीर सिंह यादव, रामसरन यादव, प्रशांत पाठक, सुरेंद्र यादव, प्रदीप यादव, कमलेश शाक्य, योगेंद्र पाल, रश्मि राजपूत, जेपी यादव, संतोष यादव, राजवीर कठेरिया, अमित पाल, रणवीर सिंह यादव, दुर्गपाल सिंह लोधी और शिवम यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *