मैनपुरी। आशा बहू कल्याण समिति, क्रांतिकारी किसान संघ, समाज सुधारक न्याय संगठन, वोटर्स पार्टी समेत आधा दर्जन संगठनों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

आशा बहू कल्याण समिति की जिला अध्यक्ष रेखा यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आशा एवं आशा संगिनियों का लंबित मानदेय तत्काल जारी करने, उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, सभी राज्यों की तर्ज पर निश्चित मासिक मानदेय लागू करने तथा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं, क्रांतिकारी किसान संघ एवं समाज सुधारक न्याय संगठन के जिला अध्यक्ष करण सिंह यादव के नेतृत्व में सौंपे गए 11 सूत्रीय मांगपत्र में किसानों, मजदूरों और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में आशा, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देते हुए ₹18,000 मासिक वेतन देने, सभी किसानों एवं गरीब महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ देने, किसानों के बकाया बिजली बिल माफ करने तथा कृषि कार्यों के लिए निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रही।

इसके अलावा ट्रैक्टर चालकों के लिए आजीविका संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, किसानों को मुफ्त बीज, खाद एवं सिंचाई की सुविधा देने तथा महिलाओं के लिए राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई।

संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय ले, अन्यथा लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा यादव चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव मीनू भारती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (वोटर्स पार्टी) सुनील राजभर, रेखा यादव, अनीता शाक्य, पार्वती, रामचंद्र, गंगासहाय, घनश्याम शाक्य, महावीर प्रसाद, सचिन पांडे, संजीव कश्यप, धर्म सिंह, अतर सिंह यादव, सुदेश कुमार, भूपेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *