बेवर / मैनपुरी | संवाददाता


बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम गग्गरवाला में रविवार सुबह आम बीनने गए एक किशोर की सर्पदंश से दर्दनाक मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए ले गए, जिससे उपचार में देरी हो गई और किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम गग्गरवाला निवासी सत्येंद्र कुमार का 13 वर्षीय पुत्र अवनेश कुमार रविवार सुबह करीब 5 बजे गांव के पास स्थित बाग में अन्य बच्चों के साथ आम बीनने गया था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डंस लिया। सांप के काटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और परिजनों को सूचना दी गई।

परिजन मौके पर पहुंचे और अवनेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पास के गांव में झाड़-फूंक कराने ले गए। हालांकि वहां उसकी गंभीर हालत देखकर झाड़-फूंक नहीं की गई। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक अवनेश गांव के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 6 का छात्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

चलती बाइक पर युवक को सांप ने काटा

एक अन्य घटना में फिरोजाबाद जनपद के थाना नगला खंगर क्षेत्र के ग्राम पापरी निवासी हजरत (40) को मैनपुरी के बरनाहल रोड स्थित कीरतपुर चौकी के पास चलती बाइक पर सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *