
मैनपुरी। जिले में अनफिट और नियमों का उल्लंघन कर चल रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में एआरटीओ मैनपुरी सिद्धार्थ यादव के नेतृत्व में बिछवा थाना क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान तीन डग्गेमार एवं अनफिट वाहनों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए उन्हें थाने में सीज करा दिया गया।
एआरटीओ सिद्धार्थ यादव अपनी टीम के कर्मचारियों के साथ जीटी रोड और करीमगंज मार्ग पर जांच अभियान में पहुंचे। चेकिंग के दौरान ऐसे तीन ऑटो पकड़े गए जो लंबे समय से अनफिट होने के बावजूद सवारियां ढो रहे थे और यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे थे। दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित वाहनों का चालान किया गया तथा उन्हें सीज कर दिया गया।
एआरटीओ ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में अनफिट वाहन संचालित हो रहे हैं। साथ ही कई वाहन क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ओवरलोडिंग भी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा को देखते हुए आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। इसके अलावा स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की भी विशेष जांच की जाएगी।
