
मैनपुरी। तहसील क्षेत्र के ग्राम ककरिया, मौजा अंगोथा में खड़ंजा मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को साफ कराया।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2004 में ग्राम प्रधान द्वारा गांव के बीचों-बीच खड़ंजा मार्ग का निर्माण कराया गया था। कुछ लोगों द्वारा पानी की निकासी का रास्ता बंद कर दिए जाने से मार्ग पर जलभराव होने लगा, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की गईं। बीडीओ स्तर पर जांच के बाद रिपोर्ट राजस्व विभाग को भेजी गई थी तथा लेखपाल और कानूनगो भी कई बार मौके का निरीक्षण कर चुके थे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका था।
शुक्रवार को ग्रामीण श्याम सिंह, गुलाब सिंह, इंद्रपाल सिंह, सुरजीत सिंह, सतपाल सिंह, राजेश्वरी कुमारी, बृजेश यादव, रणवीर सिंह, दिनेश यादव, उदयवीर सिंह, कृपाल सिंह, सोरन सिंह, आसिफ, यीशु, कार्तिक, शिवांशु, अर्जुन, सुनीता सहित अन्य लोग जिलाधिकारी से मिले और समस्या के निस्तारण की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल एसडीएम, खंड विकास अधिकारी एवं पुलिस बल को मौके पर भेजा। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से जल निकासी का रास्ता साफ कराया, जिससे मार्ग पर जमा पानी निकल गया और आवागमन सुचारु हो गया।
समस्या के समाधान होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
