मुरादाबाद। भीम आर्मी भारत एकता मिशन (पंजीकृत सामाजिक संगठन) की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक हरथला स्थित कृष्णा फार्म हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार आजाद ने की, जबकि आयोजन प्रदेश सचिव एडवोकेट सत्यपाल सिंह बादल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार आजाद ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए मंडल एवं जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां और फेरबदल किए गए। दीपू कुमार आजाद को मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष, राजेश खन्ना को मंडल प्रभारी, जयप्रकाश सागर को मुरादाबाद जिला अध्यक्ष, अंकित कुमार आजाद को जिला प्रभारी, सचिन कुमार आजाद को अमरोहा जिला अध्यक्ष तथा शिवानी गौतम को अमरोहा महिला विंग जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके अलावा महिलाल सागर को जिला प्रवक्ता, सतपाल सिंह आजाद को जिला कोऑर्डिनेटर, राजवीर सिंह एवं ललित मोहन को जिला सचिव, विनीत कुमार को जिला सचिव, विजेंद्र कुमार आजाद को जिला उपाध्यक्ष, रोहित सिंह को अमरोहा जिला उपाध्यक्ष, इंद्रपाल सिंह को जिला महामंत्री, पिंटू कुमार आजाद को जिला मंत्री, हरनाम सिंह को महानगर सचिव तथा अजय कुमार को भोजपुर ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार आजाद ने स्पष्ट किया कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन का किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के दबे-कुचले, शोषित एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज को मजबूती से उठाना तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना है।
उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद स्थापित कर समाजहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएं। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मंडल स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
