
भोगांव के नेशनल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन करते सपा नेता एवं कार्यकर्ता।
मैनपुरी। भोगांव में स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार को प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मतदान प्रक्रिया को लेकर सपा नेताओं ने विरोध जताया। इस दौरान मतदान केंद्र के बाहर सपाइयों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर तक माहौल गरमाया रहा।
सपा नेता गोपाल दास लोधी, राजीव कुमार वर्मा, देवेंद्र राजपूत, रश्मि राजपूत, सुखवीर सिंह यादव और हेमंत यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चुनाव में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
हंगामे की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी पीयूष जायसवाल, क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण द्विवेदी और थाना प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को संभाला। साथ ही उन्हें निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिलाया।
