मैनपुरी। ग्राम पजाबा में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की बैठक जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष ने डॉ. राहुल राजपूत को मैनपुरी विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की। नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया।

जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह दुबे ने कहा कि डॉ. राहुल राजपूत के पार्टी से जुड़ने और विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राहुल राजपूत ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश दुबे, अंगद सिंह तोमर, डॉ. महेंद्र सिंह चौहान, पुष्पा देवी, रोहित कुमार, डॉ. साबेंद्र सिंह तोमर, रमेश चंद्र, सेवादार सिंह, सुभाष चंद्र, सुरेश चंद्र, राजबहादुर, राजश्री, माधुरी, गार्गी, विनीता, अंशुल राजपूत, गौरव, अनिल, गौरी शंकर, सौरभ राजपूत, सतीश, अभय कुमार दुबे सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह दुबे ने डॉ. राहुल राजपूत के आवास पर पहुंचकर राष्ट्रीय लोकदल का झंडा भी लगाया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *