मैनपुरी सदर तहसील में तकरार: लेखपाल संघ ने एसडीएम पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा तहसील सदर की एक आवश्यक बैठक तहसील अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर को तहसीलदार के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में लेखपालों ने आरोप लगाया है कि पूर्व में प्रेषित पत्रों के बावजूद उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया, बल्कि संगठन के पदाधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाकर उत्पीड़न किया जा रहा है।
समस्याओं के समाधान की जगह कार्रवाई की धमकी का आरोप
लेखपाल संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि संघ सदैव वार्ता के माध्यम से समस्याओं के निराकरण में विश्वास रखता है। इसके तहत 06 जुलाई 2026 और 17 अगस्त 2026 को पत्रों के माध्यम से प्रशासन को समस्याओं से अवगत कराया गया था। आरोप है कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय द्वेषपूर्ण भावना से पदाधिकारियों पर निलंबन, विभागीय कार्रवाई और प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावा, सरकारी व्हाट्सएप ग्रुपों पर भी आए दिन दंडात्मक कार्रवाई की बात कही जाती है, जिससे पूरे लेखपाल संवर्ग में भारी मानसिक तनाव और असंतोष व्याप्त है।
मांगें न मानने पर आज से आंदोलन
संघ ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि पूर्व में प्रेषित पत्रों के क्रम में तत्काल कार्रवाई नहीं की गई और द्वेषपूर्ण कार्रवाइयों पर रोक नहीं लगाई गई, तो तहसील सदर के समस्त लेखपाल 19 अगस्त 2026 से सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ते हुए पूर्ण धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया कि उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति का सम्पूर्ण उत्तरदायित्व एसडीएम सदर का होगा।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रांतीय अध्यक्ष/महामंत्री, खंड मंत्री (आगरा मंडल) तथा जिलाध्यक्ष/जिला मंत्री को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है। बैठक एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, सचिव भानुप्रताप सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अंकुल बैस, सह सचिव प्रभात सिंह, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार और लेखा परीक्षक विजय लक्ष्मी सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।
